नई दिल्ली | संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज के पहले दिन की लोकसभा की कार्यवाही खत्म हुई। विपक्ष ने अमेरिकी-इजराइल और ईरान जंग पर जमकर हंगामा किया। सोमवार को लोकसभा में पश्चिम एशिया युद्ध पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान के अलावा कोई सार्थक कार्यवाही नहीं हुई और सदन स्थगित हो गया।
विपक्ष जंग के बाद पश्चिम एशिया में बने हालातों का भारत पर असर पर चर्चा की मांग करता रहा। जयशंकर ने संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया युद्ध के बाद खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को बचाने और उनकी मदद करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बयान दिया। बयान के दौरान विपक्षी सदस्यों ने दोनों सदनों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
राज्यसभा में सदन के नेता, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की। इसके अलावा, लोकसभा और राज्यसभा ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने की बधाई दी और खिलाड़ियों को भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया संकट के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति की जरूरत पर जोर देते हुए सोमवार को लोकसभा में कहा कि उस क्षेत्र में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












