सोलापुर की राजनीति में जुबानी जंग ने पकड़ा जोर
सोलापुर:सोलापुर जिले की मोहोळ तहसील में आगामी जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीति गरमा गई है। एक बार फिर पूर्व विधायक राजन पाटिल और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के जिला अध्यक्ष उमेश पाटिल के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिल रही है। दोनों नेताओं के बयानों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
पूर्व विधायक राजन पाटिल ने उमेश पाटिल पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि “चुनौती हमेशा अपने स्तर के व्यक्ति की स्वीकार की जाती है, हर किसी की चुनौती स्वीकार की जाए तो लोग हँसेंगे।” उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कुश्ती हमेशा पहलवान के साथ होती है, और तालियां बजाते हुए सवाल उठाया कि “ऐसे लोगों के साथ कुश्ती कैसे हो सकती है?”
राजन पाटिल ने आगे कहा कि उमेश पाटिल “तेल लगाए हुए पहलवान” हैं, इसी कारण विधानसभा चुनाव में उनकी हार हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उनके सामने लड़ने के लिए एक सच्चा पहलवान चाहिए, लेकिन सामने वाले ने तालियां बजाकर खुद की असलियत दिखा दी है।
राजन पाटिल के इन बयानों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) के जिला अध्यक्ष उमेश पाटिल ने भी तीखा पलटवार किया है। उमेश पाटिल ने कहा कि जिस तरह से राजन पाटिल ने इशारे करते हुए तालियां बजाईं, उससे उनकी मानसिकता विकृत नजर आती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान राजनीति के स्तर को गिराने वाले हैं।
दोनों नेताओं के बीच यह आरोप-प्रत्यारोप जिला परिषद चुनाव से पहले मोहोळ की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। आने वाले दिनों में यह टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।









