गोगामुख (असम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी ऐसा होने नहीं देंगे। मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाना है।
उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने केंद्र में नया कानून लाने की कोशिश की थी लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने उसका विरोध किया था।प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की रक्षा के लिए असम में नया कानून लाएंगे और वे उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं।” उन्होंने कांग्रेस पर देश को उसी तरह बांटने का आरोप लगाया जैसा विभाजन के दौरान मुस्लिम लीग ने किया था।
मोदी ने कहा, कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को भी आघात पहुँचाया है।प्रधानमंत्री ने गांधी परिवार और कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा, कांग्रेस के लिए दो परिवार हैं—एक दिल्ली में और दूसरा असम में और उनकी प्राथमिकता लोगों का हित नहीं, बल्कि अपने परिवारों का हित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो वह असम की पहचान की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और छठी अनुसूची के तहत जनजातीय समुदायों की सुरक्षा करेगी।










