लोकवाहिनी, संवाददाता लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिवारवाद के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राजनीतिक रूप से हमेशा अछूत बनाये रखने वाली कांग्रेस के शाही परिवार ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की विरासत को मिटाने और सरदार वल्लभभाई पटेल के कद को कमतर करने का भी प्रयास किया, लेकिन भाजपा ने उन्हें समुचित सम्मान दिलाया।
मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित किया और इस दौरान वह परिवारवाद के मुद्दे पर खास मुखर रहे। उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति असुरक्षा से भरी हुई होती है, इसलिए परिवारवादियों के लिए दूसरों की लकीर छोटी करना मजबूरी हो जाती है ताकि उनके परिवार का कद बड़ा दिखे और उनकी दुकान चलती रहे।
मोदी ने कहा, प्रेरणा स्थल में लगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं हमें नई ऊर्जा से भर रही हैं, लेकिन हमें यह नहीं भूलना है कि आजादी के बाद भारत में हुए हर अच्छे काम को कैसे एक ही परिवार से जोड़ने की प्रवृत्ति पनपी। उन्होंने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, किताबें हों, सरकारी योजनाएं हों, सरकारी संस्थान हों, गली, सड़क, चौराहे हों, सब जगह एक ही परिवार का गौरव गान किया गया। एक ही परिवार के नाम, उनकी ही मूर्तियां, यही सब चला।
भाजपा ने देश को एक परिवार के बंधक बनी इस पुरानी प्रवृत्ति से भी बाहर निकाला है। हमारी सरकार मां भारती की सेवा करने वाली हर अमर संतान, हर किसी के योगदान को सम्मान दे रही है। मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा, यह कोई नहीं भूल सकता कि कैसे बाबा साहब अंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास हुआ। दिल्ली में कांग्रेस के शाही परिवार ने यह पाप किया। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी वालों ने भी यही दुस्साहस किया, लेकिन भाजपा ने बाबा साहब की विरासत को मिटने नहीं दिया। आज दिल्ली से लेकर लंदन तक बाबा साहब अंबेडकर के पंच तीर्थ उनकी विरासत का जयघोष कर रहे हैं।









