लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। वैश्विक घटनाक्रमों से भारत भी प्रभावित हो रहा है और प्राकृतिक गैस की कमी के कारण देश में गैस सिलेंडरों की कमी हो गई है। इस कठिन समय में, नागपुर पुलिस ने गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। नागपुर पुलिस आयुक्त रवींद्र कुमार सिंघल ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “हम जमाखोरों के खिलाफ सीधा मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजेंगे।” महाराष्ट्र में एस्मा (ESMA) लागू होने के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
इसी के चलते नागपुर में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर भर में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने और अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी की बढ़ती शिकायतों के बाद नागपुर पुलिस ने मंगलवार से शहर भर में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंघल ने सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से सिलेंडर बेचने या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले कुछ दिनों से शहर में एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायत सामने आ रही थी। इसके साथ ही कुछ लोगों द्वारा सिलेंडरों को अधिक कीमत पर बेचने की खबर भी मिल रही थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार इस पूरे मामले की निगरानी के लिए अपराध शाखा (Crime Branch) की विशेष टीम गठित की गई है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में नजर रखते हुए अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करेगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को एलपीजी वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेंडर ग्राहकों को तय नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही वितरित किए जाएं। साथ ही संदिग्ध गोदामों और स्थानों पर अचानक छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस ने ऐसे लोगों की सूची भी तैयार की है, जो पहले एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध व्यापार में शामिल रहे हैं। इन लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस आयुक्त ने साफ किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी या अवैध बिक्री करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि अगर कहीं सिलेंडरों की कालाबाजारी या जमाखोरी की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दें।









