कार्रवाई के साथ जागरूकता, यही है सुरक्षित नागपुर का मंत्र
नागपुर शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र पुलिस स्थापना सप्ताह के अवसर पर नागपुर शहर पुलिस के जोन–5 अंतर्गत अवैध शराब और प्रतिबंधित नायलॉन मांजा के जब्त माल का नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंघल, जॉइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी और साउथ रीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शिवाजी राठोड के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस विशेष अभियान के दौरान केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जनजागृति पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्रों को आमंत्रित कर उन्हें अवैध शराब और नायलॉन मांजा से होने वाले सामाजिक, पर्यावरणीय और मानवीय नुकसान की जानकारी दी गई। पुलिस का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
न्यायालय के आदेशानुसार इस दौरान करीब 37 लाख रुपये मूल्य का मुद्देमाल नष्ट किया गया। इसमें 526 शराबबंदी मामलों से संबंधित 27 लाख रुपये की अवैध शराब और 103 मामलों में जब्त 10 लाख रुपये का प्रतिबंधित नायलॉन मांजा शामिल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नायलॉन मांजा न केवल मानव जीवन के लिए खतरनाक है, बल्कि पक्षियों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
नागपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध शराब की तस्करी, भंडारण या बिक्री तथा नायलॉन मांजा के निर्माण, बिक्री और उपयोग में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और सुरक्षित नागपुर के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।









