किसान नेता ने अपक्ष भरा नामांकन
सांगली जिले के चिकुर्डे पंचायत समिति गण से किसान नेता हनुमंत पाटील (दादा) ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। यशवंती एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी उद्योग समूह के संस्थापक अध्यक्ष और रयत क्रांति संगठन के महासचिव हनुमंत पाटील ने जनता के आग्रह पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया है। नामांकन से पूर्व उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं को नमन किया।
हनुमंत पाटील ने ईश्वरपूर तहसीलदार कार्यालय में समर्थकों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर रयत क्रांति वाहतूक संगठन के पश्चिम महाराष्ट्र अध्यक्ष बजरंग भोसले, सुधीर शेटे, मोहन पाटील आप्पा, युवराज परीट सहित अनेक कार्यकर्ता और किसान उपस्थित थे।
बताया गया कि चिकुर्डे पंचायत समिति गण से रयत क्रांति संगठन की ओर से आधिकारिक उम्मीदवार बनाए जाने की मांग पूर्व मंत्री व विधायक सदाभाऊ खोत से की गई थी। हालांकि महायुति में हुए सीट बंटवारे के कारण बागणी और वाटेगांव जिला परिषद गट रयत क्रांति संगठन को दिए गए, जिससे चिकुर्डे गण के लिए एबी फॉर्म नहीं मिल सका। इसके चलते हनुमंत पाटील ने अपक्ष उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
हनुमंत पाटील ने कहा कि वे पिछले 22 वर्षों से किसान आंदोलन से जुड़े हुए हैं और किसानों, मजदूरों तथा कष्टकरियों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है और यह चुनाव उनके लिए आसान सिद्ध होगा। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भी नामांकन को शक्ति प्रदान की।









