भास्कर जाधव पर नरेश म्हस्के का हमला
बाळासाहेब जन्मशताब्दी पर ठाणे में राजनीतिक संदेश
ठाणे में शिवसेना प्रमुख बाळासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज देखने को मिली। टेंभी नाका स्थित आनंद आश्रम में आयोजित अभिवादन कार्यक्रम में सांसद नरेश म्हस्के ने भास्कर जाधव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भास्कर जाधव को बाळासाहेब ठाकरे का नाम लेने का कोई अधिकार नहीं है।
नरेश म्हस्के ने कहा कि शिवसेना की स्थापना कांग्रेस की दावणी से बाहर निकलकर बाळासाहेब ठाकरे ने की थी और आज असली शिवसेना एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भास्कर जाधव कभी इधर तो कभी उधर खड़े रहते हैं और उनकी राजनीति अवसरवाद पर आधारित है।
इस अवसर पर म्हस्के ने कहा कि बाळासाहेब ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है और ठाणे में पूरे साल विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक उपक्रम चलाए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ी को बाळासाहेब के विचारों और कार्यों की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कल्याण–डोंबिवली और मुंबई महानगरपालिका से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि महायुति में सभी निर्णय मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और वरिष्ठ नेताओं द्वारा बैठकर लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की स्थिति कमजोर हो चुकी है और उन्हें कई जगहों पर उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं।
मीडिया द्वारा अनावश्यक चर्चा फैलाने का आरोप लगाते हुए म्हस्के ने कहा कि कई मुद्दे केवल चर्चा तक सीमित हैं, जमीनी स्तर पर सच्चाई अलग है। नवी मुंबई के विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां जाकर ही विस्तृत रूप से प्रतिक्रिया दी जाएगी।








