महापौर–उपमहापौर चुनाव पर टिकी चंद्रपुर की नजरें
चंद्रपुर महानगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट और वंचित बहुजन आघाड़ी ने मिलकर इस चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर ली है। महापौर पद के लिए शिवसेना (उबाठा) की नगरसेविका मनस्वी गिरहे ने, जबकि उपमहापौर पद के लिए अपक्ष नगरसेवक प्रशांत दानव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
यह चुनाव शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और वंचित बहुजन आघाड़ी की संयुक्त आघाड़ी के तहत लड़ा जा रहा है। दोनों दलों को अपक्ष नगरसेवकों का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस आघाड़ी को कुल दस नगरसेवकों का समर्थन मिलने का दावा किया गया है, जिससे गठबंधन का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।
महापौर और उपमहापौर पद के लिए चुनाव आगामी 10 तारीख को होने वाला है। इसी के मद्देनज़र दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चुनाव को लेकर चंद्रपुर की राजनीति में उत्सुकता का माहौल बना हुआ है।
नामांकन के बाद प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत दानव ने स्पष्ट किया कि शिवसेना (उबाठा) और वंचित बहुजन आघाड़ी के समर्थन के चलते ही उन्होंने उपमहापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं मनस्वी गिरहे ने कहा कि गठबंधन की एकजुटता और नगरसेवकों के समर्थन के बल पर उन्हें जीत का पूरा भरोसा है। अब सभी की नजरें 10 तारीख को होने वाले चुनावी परिणामों पर टिकी हुई हैं।









