नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस मौके पर देश की अहम उपलब्धियों का जिक्र करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नागरिकों से एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और आगे बढ़ने वाले भारत के लिए मिलकर काम करते हुए एकता, समावेशिता और मजबूती को बढ़ाने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति ने देश के विकास में महिला शक्ति के साथ ही प्रवासी भारतीयों के योगदान का जिक्र किया। राष्ट्रपति ने भारत की आर्थिक उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि देश आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इस सफलता का श्रेय उन्होंने देश के मेहनती श्रमिकों और होनहार युवाओं को दिया, जो अपनी प्रतिभा से देश के स्वर्णिम भविष्य की नींव मजबूत कर रहे हैं।











