लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत, पुलिस ने एमआईडीसी क्षेत्र के वानाडोंगरी स्थित ओयो लॉज और अजनी पुलिस थाना क्षेत्र के जोगी नगर स्थित एक आवासीय भवन में चल रहे वेश्यालय पर छापा मारा। अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने इन स्थानों से वेश्यावृत्ति से चार लड़कियों को बचाया। इनमें से दो लड़कियां पंजाब के लुधियाना से, एक उत्तर प्रदेश से और चौथी शहर के एक अन्य हिस्से से बताई गई हैं।
मंगलवार रात को सामाजिक सुरक्षा दल ने वानाडोंगरी क्षेत्र में दत्ता मेघे कॉलेज के पास स्थित ओयो लॉज (एम.एच. 40) पर छापा मारा। यहां से दल ने अमरावती के चांदूर रेलवे स्टेशन निवासी निखिल नीलकंठ सोनावने (27) को गिरफ्तार किया। निखिल अपने साथियों योगेश कैलाश ठाकुर (38), हर्षल कैलाश ठाकुर (38) और किशोर गणपत बिसेन (32) की मदद से ओयो होटल से वेश्यावृत्ति का अड्डा चला रहा था। वह पंजाब के लुधियाना और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से युवतियों को नागपुर बुला रहा था और उन्हें जल्द ही पैसे कमाने का वादा कर रहा था।
छापेमारी के दौरान, क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा टीम ने लुधियाना की दो और उत्तर प्रदेश की एक महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया। ऑपरेशन शुरू होते ही योगेश, हर्षल और किशोर फरार हो गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 41 हजार 330 रुपये का माल जब्त किया है। जब्त सामग्री में दो मोबाइल फोन, नकद रकम, एक हुंडई i-20 कार, होटल का रजिस्टर और संदिग्ध वस्तुएं शामिल हैं।
एक अन्य ऑपरेशन में, टीम ने अजनी पुलिस थाना क्षेत्र के जोगी नगर में गली नंबर 10 स्थित एक रिहायशी इमारत में ‘स्पा’ की आड़ में चल रहे वेश्यावृत्ति के अड्डे का भंडाफोड़ किया। सामाजिक सुरक्षा टीम ने यह छापेमारी ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत की।








