नई दिल्ली/ढाका। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक बंगाली हिंदू दीपचंद दास की पीट-पीटकर और जिंदा जलाकर हत्या के विरोध में मंगलवार को भारत के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने देशभर में प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह वीएचपी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया।
वहीं पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बांग्लादेश वीजा एप्लीकेशन सेंटर को बंद करा दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सेंटर के गेट पर ताला लगाया, साइन बोर्ड हटाए और बांग्लादेश के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि बांग्लादेश के लिए सभी तरह के वीजा तत्काल बंद किए जाएं।
दिल्ली के अलावा वीएचपी ने मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, भोपाल और जम्मू में रैली निकालकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। बांग्लादेश में 18 दिसंबर की रात हिंदू युवक दीपचंद की हत्या कर दी गई थी। पहले यह दावा किया जा रहा था कि दीप ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी, लेकिन शुरुआती जांच में इसका कोई सबूत नहीं मिला।
इस बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया था। यह 10 दिन में दूसरी बार है, जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है। बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत विरोधी प्रदर्शनों और फिर मैमनसिंह जिले में दीप की मॉब लिंचिंग को लेकर दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए हैं। (पेज 6 पर)











