महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजी जयंती के अवसर पर आयोजित एक विशेष समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 101 मान्यवरों को ‘शिवसन्मान पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम रुग्न हक्क परिषद की ओर से ऐतिहासिक लाल महाल में आयोजित किया गया।
समारोह में बोलते हुए पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त भानुप्रताप बार्जे ने कहा कि रुग्ण हक्क परिषद द्वारा दिया जाने वाला यह शिवसन्मान पुरस्कार समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों का इस तरह सम्मान होना बेहद महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में परिषद के संस्थापक अध्यक्ष उमेश चव्हाण, पूर्व विशेष पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर दैथंकर, सह्याद्री अस्पताल के उपाध्यक्ष सचिन कुलकर्णी, प्रसिद्ध बिल्डर भारत देसदला, डॉ. डी. वाई. पाटिल अस्पताल के प्रमुख डॉ. हनुमंत चव्हाण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में उद्योग, सामाजिक, शैक्षणिक, पत्रकारिता, सांस्कृतिक, राजनीतिक, विधि और न्याय तथा खेल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 101 लोगों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार के रूप में मानचिन्ह, पुस्तक, उपरणा और मानपत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उमेश चव्हाण ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श समाज के लिए हमेशा प्रेरणा रहे हैं। उन्हीं के विचारों से प्रेरित होकर रुग्ण हक्क परिषद स्वास्थ्य क्षेत्र में आम लोगों को न्याय दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम का आयोजन परिषद की पुणे शहर अध्यक्ष अपर्णा मार्ने साठे ने किया। कार्यक्रम का संचालन अभिजीत राजे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मंदार सावजी ने दिया।







