मतगणना केंद्र पर तनाव, कोर्ट जाने की तैयारी
भिवंडी महानगरपालिका चुनाव के तहत हुए मतगणना के दौरान प्रभाग क्रमांक 22 में बड़ा विवाद सामने आया है। कामत घर क्षेत्र में हुई मतगणना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार श्याम अग्रवाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि मतगणना प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी हुई है और परिणाम जानबूझकर उनके खिलाफ घोषित किया गया।
मतगणना के अनुसार भाजपा उम्मीदवार श्याम अग्रवाल को 6,054 मत मिले, जबकि अपक्ष उम्मीदवार नितेश ऐनकर को 6,075 मत प्राप्त हुए। मात्र 21 मतों के बेहद कम अंतर से नितेश ऐनकर को विजयी घोषित किया गया। इस बेहद करीबी मुकाबले के बाद श्याम अग्रवाल ने दुबारा मतगणना की मांग की थी।
हालांकि, चुनाव निर्णय अधिकारी ने यह कहकर उनकी मांग खारिज कर दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुनर्मतगणना के लिए आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था। इसके बाद विवाद और गहरा गया। श्याम अग्रवाल ने चुनाव निर्णय अधिकारी पर लाखों रुपये लेकर नितेश ऐनकर के पक्ष में परिणाम घोषित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इस घटनाक्रम के चलते मतगणना केंद्र पर देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। अग्रवाल के हजारों समर्थक मतगणना केंद्र पर जमा हो गए और न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।
श्याम अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि वे इस पूरे मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और चुनाव निर्णय अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे आखिरी सांस तक न्याय के लिए लड़ते रहेंगे।









