रायगढ़:महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। मुरुड इलाके में लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग यानी एसीबी ने एक महिला अभियंता को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रद्धा दिलीप बोराडे के रूप में हुई है, जो सार्वजनिक बांधकाम उपविभाग में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत थीं।जानकारी के मुताबिक, एक ठेकेदार ने एसीबी से शिकायत की थी कि अभियंता द्वारा काम से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने तुरंत छापा मारकर उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया और पूरी राशि जब्त कर ली। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील, अपर अधीक्षक भागवत सोनवणे और उप अधीक्षक सरिता भोसले के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। इस मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उन्हें 3 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी तुरंत शिकायत करें ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।






