मनसे ने इच्छुक उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू;हर वार्ड में मनसे के उम्मीदवार तैयार
नागपुर महानगरपालिका चुनाव की तारीख घोषित होते ही शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
मनसे की ओर से नागपुर शहर में इच्छुक उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए। पार्टी नेताओं ने जानकारी दी कि शहर के प्रत्येक प्रभाग (वार्ड) से मनसे के इच्छुक और योग्य उम्मीदवार उपलब्ध हैं। इससे साफ संकेत मिलता है कि पार्टी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है।
मनसे नेता राजू उंबरकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि ठाकरे गुट की शिवसेना के साथ संभावित गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे के निर्देशानुसार लिया जाएगा।
राजू उंबरकर ने कहा कि यदि पार्टी अध्यक्ष गठबंधन को लेकर कोई आदेश देते हैं, तो उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई और चुनावी रणनीति तय की जाएगी।
मनसे नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी नागपुर महानगरपालिका चुनाव को गंभीरता से लड़ने जा रही है और हर वार्ड में मजबूत उम्मीदवार उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है।











