लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। भारत का 77वां गणतंत्र दिवस इस बार स्वतंत्रता और समृद्धि के मंत्रों से गूंजेगा। कर्तव्य पथ पर निकलने वाली भव्य परेड की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम’ और ‘समृद्धि का मंत्र – आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है।
इस मौके पर कुल 30 झांकियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, जिनमें से 17 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी, जबकि 13 विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की होंगी। साथ ही, लगभग 2 हजार 500 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लेकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस साल गणतंत्र दिवस पर यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनकी मौजूदगी भारत-यूरोप संबंधों को नई मजबूती देगी।
पिछले साल परेड में शामिल नहीं हो पाए कई राज्य इस बार अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। इनमें असम, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केरल और महाराष्ट्र शामिल हैं। इसके अलावा मणिपुर, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान और तमिलनाडु की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। असम की झांकी में आशिरकांडी गांव की पारंपरिक हस्तकला को प्रमुखता दी जाएगी। गुजरात और छत्तीसगढ़ ‘वंदे मातरम’ थीम को अनोखे अंदाज में प्रस्तुत करेंगे। महाराष्ट्र की झांकी गणेशोत्सव को आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में दर्शाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल स्वतंत्रता संग्राम में बंगाल की भूमिका को दिखाएगा।
भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 61 कैवलरी और बैटल एयर फॉर्मेशन (पहली बार) के माउंटेड कॉलम द्वारा किया जाएगा, जिसमें सात मार्चिंग टुकड़ियां शामिल होंगी। HMV (हाई मोबिलिटी व्हीकल), BFSR और ATGM और ध्रुव हेलीकॉप्टर, T-90, मेन बैटल टैंक अर्जुन, BMP-II और NAMICA-II नाग मिसाइल सिस्टम, IOC (इंटीग्रेटेड ऑपरेशनल सेंटर), UGV, ATV (ऑल टेरेन व्हीकल), रडार के साथ LSV (लाइट स्ट्राइक व्हीकल), शक्तिमान, ATAGS और धनुष, URL और ब्रह्मोस, आकाश और MRSAM, ड्रोन शक्ति और ग्लेशियर ATV मशीनीकृत कॉलम में मुख्य आकर्षण होंगे।
सेना की कुल 7 मार्चिंग टुकड़ियां, जिनमें पशु टुकड़ी शामिल है जिसमें जांस्कर टट्टू, बैक्ट्रियन ऊंट और कुत्तों के साथ हैंडलर्स टुकड़ी, स्काउट्स टुकड़ी, राजपूत टुकड़ी, असम टुकड़ी, जैक ली (JAK LI) टुकड़ी, आर्टिलरी टुकड़ी, ऊंचे कदम ताल में भैरव टुकड़ी और लद्दाख स्काउट्स सलामी मंच के बाद मार्च करेंगे। RDC-2026 में कुल 18 मार्चिंग टुकड़ियां और 13 बैंड भाग लेंगे। फ्लाईपास्ट में विभिन्न फॉर्मेशन में राफेल, सुखोई-30, P8I, C-295, मिग-29, अपाचे, LCH, ALH, MI-17 का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड का एक अन्य आकर्षण भारतीय वायु सेना द्वारा पूर्व सैनिकों की झांकी होगी। यह राष्ट्र के लिए पूर्व सैनिकों के योगदान की एक झलक प्रदान करेगा।












