कोर कमेटी पर परिवारवाद और पैसे लेकर टिकट देने के आरोप
अमरावती शहर में भारतीय जनता पार्टी के भीतर एक बार फिर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। टिकट कटने से नाराज भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, जयंत डेहणकर और डॉ. दिनेश सूर्यवंशी के विरोध में राजकमल चौक पर जमकर नारेबाजी की गई।
नाराज पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इन नेताओं द्वारा साधु-संतों का अपमान किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान “प्रभागमुक्त भाजपा” के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही गठबंधन के नाम पर पैसे लेकर टिकट बांटने के गंभीर आरोप भी लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अमरावती भाजपा की कोर कमेटी में परिवारवाद और कुछ चुनिंदा लोगों का दबदबा है, जिसके चलते योग्य और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। इस पूरे मामले की शिकायत पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे से की जाएगी, ऐसा स्पष्ट रूप से शक्ती महाराज ने कहा।
इस बीच भाजपा पदाधिकारी श्रद्धा गहलोत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका विरोध भाजपा से नहीं, बल्कि पार्टी की कोर कमेटी में मौजूद गलत प्रवृत्तियों से है। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित नेताओं ने माफी नहीं मांगी, तो शहरभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।








