मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह बाजार तेजी के साथ खुला था लेकिन फिर इसमें अचानक गिरावट आई। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने एक बार फिर बाजार पर दबाव बनाया। इससे बीएसई (BSE) सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा गिर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी एक अहम तकनीकी स्तर से नीचे चला गया।
सेंसेक्स आखिरकार 769.67 अंक यानी 0.94% गिरावट के साथ 81,537.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 241.25 अंक यानी 0.95% गिरावट के साथ 25,048.65 अंक पर आ गया। इस गिरावट से BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5.7 लाख करोड़ रुपये घटकर 452.69 लाख करोड़ रुपये रह गया। दुनिया भर से मिल रहे कुछ सकारात्मक संकेतों के बावजूद भारतीय बाजार में अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।












