नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भारत के प्रधान न्यायाधीश बी.आर. गवई की मां डॉ. कमलताई गवई को आगामी 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में आयोजित विजयादशमी और संघ के शताब्दी वर्ष के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम अमरावती महानगर की आरएसएस इकाई द्वारा किरण नगर स्थित श्रीमती नरसम्मा महाविद्यालय मैदान में आयोजित किया जाएगा। डॉ. कमलताई गवई के परिवार से जुड़े करीबी सूत्रों ने भी पुष्टि की है कि उन्हें संघ की ओर से औपचारिक निमंत्रण प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ प्रचारक और प्रमुख विचारक जे. नंद कुमार मुख्य वक्ता होंगे। वे इस अवसर पर संघ की सौ वर्षों की यात्रा, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे।
डॉ. कमलताई गवई का सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में गहरा योगदान रहा है। वे महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय रही हैं। उनका इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाना न केवल सम्मानजनक पहल है, बल्कि संघ के व्यापक सामाजिक संपर्क और विभिन्न पृष्ठभूमियों से संवाद स्थापित करने की रणनीति को भी दर्शाता है। यह कार्यक्रम संघ के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसके ज़रिये वह अपने शताब्दी वर्ष की शुरुआत कर रहा है। संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन हुई थी और इसी दिन को संघ का स्थापना दिवस भी माना जाता है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ ने देशभर में एक लाख से अधिक ‘हिंदू सम्मेलनों’ और हजारों संगोष्ठियों के आयोजन की योजना बनाई है। नागपुर मुख्यालय से 2 अक्टूबर को संघ प्रमुख मोहन भागवत के वार्षिक विजयादशमी संबोधन के साथ यह श्रृंखला शुरू होगी। इसके अतिरिक्त संघ ने घर-घर संपर्क कार्यक्रम चलाकर व्यापक पहुंच बनाने का भी निर्णय लिया है।









