रोहतक। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को रोहतक के ‘इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप’ में नवनिर्मित साबर डेयरी संयंत्र का भव्य उद्घाटन किया। यह डेयरी संयंत्र 325 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया गया है और इसमें अत्याधुनिक मशीनरी लगी है। इस संयंत्र के शुरू होने से लगभग 1,000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर अमित शाह ने कहा कि भारत का डेयरी क्षेत्र पिछले 11 वर्षों में 70 प्रतिशत बढ़ा है और यह दुनिया में सबसे तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि देश के किसानों को सशक्त बनाने के लिए डेयरी क्षेत्र में कई बदलाव किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने ‘श्वेत क्रांति 2.0’ की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि इस योजना के तहत देशभर में 75,000 से अधिक डेयरी सहकारी समितियां स्थापित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण और सहकारी क्षेत्र में क्रांति आएगी।
साबर डेयरी संयंत्र विशेष रूप से दही, छाछ, योगर्ट और मिठाइयों के उत्पादन के लिए देश का सबसे बड़ा उत्पादन केंद्र माना जाता है। इस संयंत्र की दैनिक उत्पादन क्षमता 150 मीट्रिक टन दही, तीन लाख लीटर छाछ, 10 लाख लीटर योगर्ट और 10 मीट्रिक टन मिठाइयों की है।
गौरतलब है कि साबर डेयरी गुजरात के साबरकांठा जिले में स्थित सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ द्वारा संचालित है और यह लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों के लिए जाना जाता है।
इस उद्घाटन कार्यक्रम में राज्य और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, सहकारी संघों के प्रतिनिधि और किसान समुदाय के लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण और सहकारी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।








