लोकवाहिनी, संवाददाता:छत्रपति संभाजीनगर। गर्मी का मौसम अब जोरों पर है और गर्मियों की छुट्टियों में तैरना एक खास शौक होता है। इसलिए युवा और बुजुर्ग सभी कुओं, झीलों या नदियों में तैरने के लिए उत्सुक रहते हैं।
हालांकि, छत्रपति संभाजीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जिसमें शहर के पास स्थित हरसुल झील में तैरने गए चार युवक डूब गए। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल, दो मृतकों की पहचान हो चुकी है और पुलिस अन्य दो की पहचान करने में जुटी है। दमकल विभाग को सूचना मिली थी कि हरसुल झील में कुछ छोटे बच्चे डूब गए हैं और शुरू में तीन युवकों के डूबने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद, दमकलकमी तुरंत मौके पर पहुँचे। बचाव दल की मदद से तीनों के शव जल से बाहर निकाले गए। इसी बीच, झील के दूसरी ओर एक और युवक के डूबने की सूचना मिलने पर दमकलकर्मियों ने वहां भी तलाशी अभियान चलाया और चौथे युवक का शव भी पानी में मिला।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये सभी युवक रविवार को छुट्टी होने के कारण झील में तैरने गए थे। हालांकि, एक दुखद घटना घटी, जिससे यह रविवार उनके जीवन का आखिरी रविवार साबित हुआ और इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों में अफ़ान खान और आदिल शेख के नाम सामने आए हैं और बाकी दो की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। झील में डूबे चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए घाटी अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।








