मैं उद्धव ठाकरे के साथ हूं और रहूंगी
मुंबई:हाल ही में संपर्क से बाहर रहने को लेकर चर्चा में आईं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) की नगरसेविका सरिता म्हाके ने मुंबई में पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने अपने पक्ष को स्पष्ट करते हुए सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है।
सरिता म्हाके ने कहा कि वे देवदर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं, जिस कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मोबाइल फोन बंद नहीं था और उन्होंने पार्टी को पहले ही इसकी सूचना दे दी थी। इसके बावजूद उनके ‘नॉट-रिचेबल’ रहने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
उन्होंने कहा कि विरोधी दल इस मुद्दे पर चर्चा जरूर करेंगे, लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है। “मेरे बारे में जो भी कयास लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं,” ऐसा उन्होंने कहा। सरिता म्हाके ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे शिवसेना और उद्धव ठाकरे के साथ थीं, हैं और आगे भी रहेंगी।
उद्धव ठाकरे से हुई मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उनकी बात को समझा है और किसी भी तरह का संदेह नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाना गलत है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिवसेना के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चल रही अटकलों को फिलहाल विराम मिलता नजर आ रहा है। सरिता म्हाके की इस मुलाकात को संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।









