सावनेर-हेटी हाईवे पर रेत के कारण बड़ा हादसा
दोपहिया वाहन फिसलने से एक की मौत, एक युवक घायल
मृतक छिंदवाड़ा निवासी, घायल का इलाज जारी
सड़क पर रेत का ढेर बना दुर्घटना की वजह
नागपुर जिले के सावनेर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सड़क पर फैली रेत के कारण एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल है और उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार,दोपहिया मोटरसाइकिल क्रमांक MH 40 CS 1216 पर सवार दो लोग सावनेर से हेटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर सड़क पर पड़े रेत के ढेर की वजह से मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड ने तुरंत सावनेर पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश पाटील अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तुरंत सावनेर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कवडुजी नथ्थुजी कुमरे (उम्र 60 वर्ष, निवासी दुधाला, जिला छिंदवाड़ा) को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक अतुल राजू धुर्वे (उम्र 18 वर्ष, निवासी हेटी, जिला नागपुर) गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर पड़ा रेत का ढेर इस दुर्घटना का मुख्य कारण बना। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग की तुरंत सफाई और सुरक्षा उपायों की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









