गोंदिया जिले के गोरेगांव तहसील स्थित पीएम श्री शहीद जान्या तिम्या जिला परिषद माध्यमिक एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में आज उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई, जब पालकों ने स्कूल बंद आंदोलन छेड़ दिया। पालकों ने स्कूल के प्राचार्य प्रभाकर लोंढे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विद्यालय को ताला जड़ दिया और ‘प्राचार्य हटाओ’ की जोरदार मांग की।
पालकों का आरोप है कि प्राचार्य प्रभाकर लोंढे ने स्कूल प्रबंधन समिति को विश्वास में लिए बिना और समिति के निर्णयों की अनदेखी करते हुए शासन से प्राप्त निधि का मनमाने ढंग से दुरुपयोग किया है। साथ ही, उनके ऊपर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पालकों का कहना है कि इस कारण स्कूल की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इन सभी कथित अनियमितताओं के विरोध में तथा स्कूल को बचाने के उद्देश्य से पालकों ने आज स्कूल बंद आंदोलन का रास्ता अपनाया। आंदोलन के दौरान पालकों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने और प्राचार्य को पद से हटाने की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्राचार्य प्रभाकर लोंढे का इस स्कूल से तबादला किया गया था, लेकिन उन्होंने न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त कर दोबारा इसी स्कूल में प्राचार्य पद का कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद से ही पालकों और प्राचार्य के बीच विवाद लगातार गहराता चला गया।
अब इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच के बाद क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।








