नववर्ष पर शिर्डी साईं चरणों में 23.29 करोड़ रुपये का दान
नववर्ष पर स्वर्ण-हीरा जड़ित मुकुट अर्पित
शिर्डी श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट की ओर से क्रिसमस अवकाश, वर्ष विदाई और नववर्ष स्वागत के अवसर पर आयोजित शिर्डी महोत्सव के दौरान साईं भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। 25 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक चले इस विशेष महोत्सव में देश-विदेश से आए 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने साईं समाधि के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान साईं भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ साईं चरणों में दान अर्पित किया। शिर्डी श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट को इस अवधि में कुल 23 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है। यह जानकारी संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर ने प्रेस को दी।
नववर्ष के पहले दिन साईं बाबा के प्रति भक्तों की विशेष आस्था देखने को मिली। इस अवसर पर साईं बाबा को लगभग 80 लाख रुपये मूल्य का स्वर्ण एवं हीरा जड़ित भव्य मुकुट अर्पित किया गया। नववर्ष के दिन सुबह से ही शिर्डी में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे परिसर में “साईं राम” के जयघोष गूंजते रहे।
शिर्डी श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, जल और स्वच्छता की व्यापक व्यवस्था की गई थी। सुचारु नियोजन के कारण लाखों श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से साईं बाबा के दर्शन किए।
संस्थान प्रशासन के अनुसार प्राप्त दान राशि का उपयोग साईं मंदिर के विकास कार्यों, भक्त सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक उपक्रमों के लिए किया जाएगा। शिर्डी महोत्सव के सफल आयोजन से एक बार फिर यह सिद्ध हुआ कि साईं बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था समय के साथ और भी प्रगाढ़ होती जा रही है।









