सिंधुदुर्ग जिले में आज मतदान के दौरान महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कणकवली तालुका के वरवडे स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री नितेश राणे ने जिला परिषद चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।
नितेश राणे ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से नारायण राणे के नेतृत्व में सिंधुदुर्ग जिला परिषद पर जनता ने विश्वास जताया है और इस बार भी महायुति के माध्यम से जिला परिषद में जीत सुनिश्चित है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष पूरी तरह से निराश और हताश हो चुका है, जिसके चलते यह चुनाव एकतरफा होने जा रहा है। जनता ने पहले ही तय कर लिया है कि विकास के साथ कौन खड़ा है।
इस दौरान मंत्री नितेश राणे ने मुंबई महापौर पद को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुंबईकरों ने अपना महापौर पहले ही चुन लिया है। मुंबई की जनता जानती है कि शहर का विकास कौन कर सकता है, इसलिए उन्होंने अपना स्पष्ट जनादेश दे दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमने जनता से “जय श्रीराम” कहने वाला महापौर देने की बात कही थी और मुंबईकरों ने उस भावना को स्वीकार किया है।
उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए नितेश राणे ने कहा कि उन्हें बार-बार राजनीतिक असफलता का सामना करना पड़ता है और इस बार भी वे जनता के फैसले के सामने असफल साबित होंगे। मंत्री राणे के इन बयानों से चुनावी माहौल और अधिक गर्म होता नजर आ रहा है। फिलहाल सिंधुदुर्ग जिले में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।









