जिला परिषद चुनाव में गरमाई राजनीति
सिंधुदुर्ग जिले में जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इस बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक वैभव नाईक ने सत्ताधारी महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। नाईक ने आरोप लगाया कि जिला परिषद चुनाव के दौरान सत्ताधारी दल जनता को गुमराह करने के लिए वारेमाप और झूठे आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जिले में कोई ठोस विकास कार्य नजर नहीं आता।
वैभव नाईक ने कहा कि इस क्षेत्र के सांसद, विधायक और पालकमंत्री महायुति सरकार में होने के बावजूद सिंधुदुर्ग जिले में वास्तविक विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कई जगहों पर केवल सड़क पर गिट्टी डालकर काम पूरा होने का दिखावा किया जा रहा है और सड़कों के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं।
नाईक ने नाबार्ड योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि इस योजना को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को यह भी जानकारी नहीं है कि नाबार्ड से संबंधित प्रस्ताव पहले अप्रेज़ल कमेटी, फिर सरकार और उसके बाद बजट प्रावधान के जरिए मंजूर होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी नए काम के लिए वर्क ऑर्डर जारी न किए जाएं, क्योंकि सरकार के पास पर्याप्त निधि नहीं है और शासकीय कर्मचारियों के वेतन तक पर असर पड़ा है। इसके बावजूद सत्ताधारी मंत्री और स्थानीय विधायक सड़क, पुल और अन्य विकास कार्यों के झूठे वादे कर रहे हैं। वैभव नाईक ने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।









