सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की है। इस अवैध खेप के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह सिरप गाजियाबाद से झारखंड भेजी जा रही थी और नशीले पदार्थ ‘कोडीन’ की अधिक मात्रा के कारण इसे एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है।
चिप्स-नमकीन के बक्सों में छिपाकर कर रहे थे सप्लाई
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम चुर्क मोड़ के पास पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर दो कंटेनर पकड़े। इन कंटेनरों में 1,19,675 शीशियां प्रतिबंधित कफ सिरप की बरामद की गईं। बरामद सिरप का मूल्य करीब तीन करोड़ रुपये आंका गया है।
जांच में सामने आया कि तस्कर इस कफ सिरप को चिप्स और नमकीन के बक्सों में छिपाकर झारखंड भेज रहे थे ताकि कोई शक न हो। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि झारखंड में एक व्यक्ति उनसे संपर्क कर माल उतारने का स्थान बताने वाला था।
कोडीन युक्त सिरप एनडीपीएस कानून के तहत प्रतिबंधित
औषधि निरीक्षक की जांच में पुष्टि हुई कि सिरप में कोडीन नामक नशीला तत्व मिला हुआ है, जो स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के अंतर्गत निषिद्ध है। यह पदार्थ नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है और इसकी अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
- हेमंत पाल (शिवपुरी, मध्यप्रदेश),
- ब्रजमोहन शिवहरे (ग्वालियर, मध्यप्रदेश) और
- रामगोपाल धाकड़ (ग्वालियर, मध्यप्रदेश) — के रूप में हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद खेप किस नेटवर्क से जुड़ी है और झारखंड में किन लोगों को आपूर्ति की जानी थी, इसकी जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध व्यापार पर एक बड़ी चोट है और आने वाले दिनों में इस तरह के नेटवर्क पर और भी शिकंजा कसा जाएगा।









