700 पुलिसकर्मियों की भागीदारी, फिटनेस का संदेश,पुलिस दल की अनोखी पहल, स्वास्थ्य के लिए दौड़
यवतमाल शहर में 4 जनवरी को आयोजित होने जा रही हेल्थ मैराथॉन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस मैराथॉन में यवतमाल के पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता स्वयं भाग लेते नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन के जरिए पुलिस विभाग फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने जा रहा है।
21 किलोमीटर की इस हेल्थ मैराथॉन में जिले के 25 पुलिस अधिकारी दौड़ में हिस्सा लेंगे, जबकि कुल मिलाकर करीब 700 पुलिस कर्मचारियों ने इस मैराथॉन के लिए पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की भागीदारी से इस आयोजन को विशेष महत्व प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता ने बताया कि पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इस हेल्थ मैराथॉन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।
मैराथॉन के मद्देनजर यवतमाल शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए जाएंगे। सुरक्षा और सुचारु आयोजन के लिए कुछ मार्गों पर ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से मोड़ा जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से ही नियोजन किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन में सहयोग करें और आयोजन को सफल बनाने में मदद करें। यह हेल्थ मैराथॉन पुलिस विभाग के स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।









