लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,837 अंक का गोता लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 602 अंक लुढ़क गया। पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त होने के कोई संकेत नहीं होने के साथ वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से घरेलू बाजार में गिरावट रही। आज की गिरावट में निवेशकों के करीब 14 लाख करोड़ रुपये डूब गए।
युद्ध अब चौथे सप्ताह में पहुंच गया है। इसके कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर पूंजी निकासी और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को देखते हुए निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत टूटकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,974.52 अंक का गोता लगाकर 72,558.44 अंक पर आ गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत लुढ़ककर 22,512.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से टाइटन में सबसे अधिक 6.24 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा एलएंडटी (L&T), अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo), टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक भी मुख्य रूप से नुकसान में रहीं।








