लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी (NCP) में नेतृत्व परिवर्तन के साथ नया राजनीतिक अध्याय शुरू हो गया है। पार्टी की वरिष्ठ नेता और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनीता पवार को सर्वसम्मति से एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। सुनीता पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 26 साल के इतिहास में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला नेता हैं। शरद पवार और अजित पवार के बाद वह पार्टी की तीसरी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी हैं। उनकी यह नियुक्ति न केवल पार्टी के भीतर उनकी बढ़ती पकड़ को दर्शाती है, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में महिलाओं की सशक्त भागीदारी का भी प्रतीक है।
पार्टी बैठक में लिया गया यह फैसला राज्य की राजनीति में अहम माना जा रहा है। अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद पार्टी और सत्ता दोनों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति अचानक नए मोड़ पर आ गई थी। उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सुनीता पवार को सौंपी गई और अब उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय कमान भी मिल गई है। पिछले कई दिनों से एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चा चल रही थी, लेकिन अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं ने इसमें खास रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए नया नेतृत्व तय किया और सुनीता पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया।
एनसीपी का राष्ट्रीय अधिवेशन 2026 मुंबई के वर्ली इलाके में आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के सभी बड़े नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान सुनीता पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव को सभी नेताओं ने एकमत से मंजूरी दी। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। साथ ही यह भी तय किया गया कि प्रफुल्ल पटेल पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रहेंगे, जबकि महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सांसद सुनील तटकरे संभालेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के अलावा छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और दिलीप वलसे पाटिल जैसे वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। सुनीता पवार के दोनों बेटे, पार्थ और जय पवार भी इस दौरान मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद सुनीता पवार ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।











