रायगढ़ जिले के खोपोली नगर परिषद की नवनिर्वाचित शिवसेना (शिंदे गुट) की नगरसेविका मानसी मंगेश काळोखे के पति मंगेश काळोखे की निर्मम हत्या ने जिले की राजनीति में जबरदस्त हलचल मचा दी है। इस सनसनीखेज हत्या की घटना के बाद पूरे रायगढ़ में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कर्जत–खालापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेंद्र थोरवे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। परिवार से बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विधायक थोरवे ने कहा कि वे इस हत्या के मामले को गंभीरता से उठा रहे हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर विधायक महेंद्र थोरवे ने तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि रायगढ़ की राजनीति को सुनील तटकरे ने रक्तरंजित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में लगातार बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंताजनक हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। थोरवे ने दो टूक शब्दों में कहा, “जब तक इस हत्या के दोषियों को फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक मैं शांत नहीं बैठूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और राजनीतिक मतभेदों को इस तरह की घटनाओं में बदलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस हत्या के बाद आम नागरिकों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना ने रायगढ़ जिले की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इसका असर सियासी समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।









