इंग्लैंड को 7 रन से हराकर लिया एडिलेड का बदला, अब न्यूजीलैंड से फाइनल
मुंबई। टी20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेला जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को रोमांचक मैच में 7 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार का एक बार फिर बदला ले लिया, जो ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में खेला गया था।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए संजू सैमसन के शानदार 89 रनों के दम पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड के लिए जैकब बेथल ने शानदार शतक जड़ा। इंग्लैंड को आखिरी ओवर में 30 रनों की जरूरत थी, जिसे बचाते हुए शिवम दुबे ने मैच भारत को जितवा दिया।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद) में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को पहले सेमीफाइनल में 9 विकेट से हराया था, जो मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था।
इससे पहले टॉस हारने वाली भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। पारी के आकर्षण ओपनर संजू सैमसन रहे। उन्होंने महज 42 गेंदों में 211.90 की स्ट्राइक रेट से 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के उड़ाए। हालांकि, वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके।









