ढाका। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही, नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस नीत अंतरिम सरकार का 18 महीने से जारी शासन समाप्त हो गया, जिस दौरान बांग्लादेश में राजनीतिक अनिश्चितता और अराजकता की स्थिति रही थी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बांग्लादेश के शीर्ष राजनीतिक एवं सैन्य नेतृत्व की उपस्थिति में जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ के खुले परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी थे। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने रहमान (60) को परंपरा से हटते हुए, बंगभवन के बजाय जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में पद की शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने समारोह में 25 मंत्रियों और 24 राज्यमंत्रियों को भी शपथ दिलाई। कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान सहित पड़ोसी देशों के कई नेता उपस्थित थे। नई मंत्रिपरिषद में अल्पसंख्यक समुदाय के दो सदस्य, बीएनपी उपाध्यक्ष एवं हिंदू समुदाय से आने वाले नितई रॉय चौधरी तथा बौद्ध धर्मावलंबी धीरेन दीवान शामिल किए गए हैं।











