सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर हनुक्का त्योहार मना रहे यहूदियों पर दो हमलावरों ने फ़ायरिंग की। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 29 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए दोनों हमलावरों को गोली मारी। अधिकारियों के मुताबिक, एक हमलावर की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में है।
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। उन्होंने रेस्टोरेंट में छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वॉन ने एक्स पर लिखा- “बॉन्डी में एक रेस्टोरेंट के अंदर बंद रहना बहुत डरावना था। अब मैं सुरक्षित घर पहुँच गया हूँ। आतंकवादियों का सामना करने वाले इमरजेंसी स्टाफ का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएँ हैं।”
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में नॉर्थ बॉन्डी बीच पर कई लाशें बिखरी नज़र आ रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने इस घटना को चौंकाने वाला और बहुत दुखद बताया है।











