नई दिल्ली। मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में बढ़ते युद्ध के बीच एक बड़ा समुद्री हमला सामने आया है। हॉर्मुज (Strait of Hormuz) में भारत आ रहा एक मालवाहक जहाज अचानक हमले का शिकार हो गया, जिससे जहाज में आग लग गई और क्रू (चालक दल) को बचाने के लिए इमरजेंसी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
यह जहाज ‘मरीना स्टार’ नाम का भारी माल ढोने वाला बल्क कैरियर था, जो यूएई के खलीफा पोर्ट के कंटेनर टर्मिनल से रवाना होकर भारत के गुजरात के कांडला पोर्ट की ओर जा रहा रहा। रास्ते में संकरी खाड़ी (Shipping Lane) से गुजरते समय इस पर एक अज्ञात मिसाइल या ड्रोन से हमला हुआ। हमले के बाद जहाज के एक हिस्से में आग लग गई।
रॉयल नेवी ने इस घटना की पुष्टि की और कुछ तस्वीरें भी जारी कीं, जिनमें जहाज से काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। तस्वीरों में समुद्र में लाइफ राफ्ट भी दिख रही हैं, जिनसे क्रू मेंबर्स जहाज छोड़कर बाहर निकलते नजर आए। बताया गया है कि ‘मरीना स्टार’ करीब 178 मीटर लंबा बल्क कैरियर है और इसका वजन लगभग 30,000 टन है। यह बैंकॉक में लिस्टेड शिपिंग कंपनी प्रेसियस शिपिंग पीसीएल (Precious Shipping PCL) का जहाज था।
हमले में दो भारतीयों की गई जान, एक लापता
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारतीय नागरिकों पर भी पड़ रहा है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। एक अन्य भारतीय नागरिक अभी भी लापता है। ये लोग उन जहाजों पर काम कर रहे थे जिन्हें संघर्ष के दौरान निशाना बनाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन मौतों की पुष्टि की है।












