नागपुर। शहर में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पारडी पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत नाका नंबर 5, नागेश्वर नगर रोड स्थित एक फैक्ट्री के पास खुले मैदान में खाली तिजोरी मिलने से हड़कंप मच गया। बाद में जांच में सामने आया कि चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए शादी के लिए बनवाए गए करीब 45 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों ने खुले मैदान में एक खाली तिजोरी पड़ी देखी और इसकी सूचना पारडी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि तिजोरी कलमना पुलिस थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी निवासी मोहम्मद इकबाल अनवर अली की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने मोहम्मद इकबाल अनवर अली के घर में सेंधमारी कर तिजोरी में रखे करीब 45 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि इकबाल अली किसी काम के सिलसिले में इंदौर गए हुए थे, जबकि घर में उनकी 21 वर्षीय बेटी अकेली थी। रात के समय वह अपनी मामी के घर सोने चली गई थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया।
चोरी किए गए सोने के आभूषण बेटी की शादी के लिए बनवाए गए थे, जिसकी शादी कुछ ही दिनों में होने वाली है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तिजोरी को नागेश्वर नगर रोड स्थित फैक्ट्री के पास खुले मैदान में फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने खाली तिजोरी बरामद कर ली है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में नागपुर शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जो पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।











