लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बिगड़ते मौसम का सीधा असर आमजन की रसोई पर पड़ रहा है। दिसंबर की विदाई और जनवरी की दस्तक के साथ ही उपराजधानी में टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, अदरक जैसी कई सब्जियों के दामों में फिर उछाल दर्ज किया गया है। वहीं कुछ सब्जियों के दामों में मामूली गिरावट भी देखने को मिली है, जिससे उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। सब्जी मंडियों में टमाटर, आलू, लौकी, शिमला मिर्च और अदरक के भाव दो से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।
सब्जी मंडी के विक्रेता बताते हैं कि नागपुर के आस-पास इन सब्जियों का उत्पादन सीमित है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों से बड़ी मात्रा में सब्जियां मंगाई जाती हैं। आपूर्ति नहीं होने से दाम बढ़ गए हैं। दिसंबर-जनवरी में मौसम की गिरावट और घने कोहरे के कारण ट्रांसपोर्ट प्रभावित हो रहा है, जिससे मंडियों में समय पर आपूर्ति नहीं हो पा रही और दाम चढ़ गए हैं।
कलमना मंडी के सब्जी विक्रेता के अनुसार, एक सप्ताह पहले तक टमाटर 40–45 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जो अब 50–55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। हरी मिर्च भी 60 रुपये प्रति किलो के पार निकल गई है। हालांकि सभी सब्जियों के दाम बढ़े हों, ऐसा नहीं है। कुछ सब्जियों के भाव जनवरी में घटे भी हैं। व्यापारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुधरने पर सब्जियों के दामों में स्थिरता आने की उम्मीद है।









