450 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, 51 ब्रेथ एनालाइज़र से होगी जांच
नागपुर में 31 दिसंबर को नए साल की पूर्व संध्या पर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से सतर्क और तैयार है। शहर और उपनगरों में कुल 70 से 85 स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी। इस दौरान 59 अधिकारी और करीब 450 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने 51 नाकाबंदी पॉइंट्स और 35 पुलिस स्टेशन स्तर के बंदोबस्त को सुनिश्चित किया है, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साल 2025 में ड्रंक एंड ड्राइव के 13,350 मामले दर्ज किए गए थे। हालांकि, पिछले तीन वर्षों की तुलना में इस साल इन मामलों में कमी आई है। दिसंबर महीने में अब तक केवल 646 केस सामने आए हैं, जो बढ़ती सुरक्षा और जागरूकता का संकेत हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस अभियान से न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि दुर्घटनाओं की संख्या में भी कमी आएगी।
विशेषकर नए साल की रात को वाहन चलाने वाले युवाओं और पार्टी प्रेमी पर पुलिस की नजर रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि नाकाबंदी के दौरान ड्राइविंग टेस्ट और शराब जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस तैयारी के साथ ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी भी दी है कि नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में यह अभियान सड़क सुरक्षा और नियम पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








