नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर अगले 48 घंटों के भीतर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोला, तो अमेरिका ईरान के बिजली घरों को नेस्तनाबूद कर देगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहद सख्त भाषा में लिखा, “अगर ईरान 48 घंटे के भीतर बिना किसी खतरे के होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोलता, तो अमेरिका उनके विभिन्न पावर प्लांट को निशाना बनाएगा और उन्हें मिटा देगा।”
ट्रंप ने चेतावनी दी कि हमलों की शुरुआत ईरान के सबसे बड़े बिजली घर से की जाएगी। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन वे फिलहाल किसी भी तरह की बातचीत के मूड में नहीं हैं। उन्होंने लिखा, “उनका नेतृत्व खत्म हो चुका है, उनकी नौसेना और वायु सेना मर चुकी है, उनके पास कोई बचाव नहीं है।”
वहीं, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके पावर प्लांट को निशाना बनाया गया, तो होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा, जिससे खाड़ी में तनाव बढ़ गया है। यह चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को अल्टीमेटम जारी करने के बाद आई है, जिसमें उन्होंने ईरान से महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्ग को फिर से खोलने या अपने बिजली संयंत्रों पर हमलों का सामना करने की धमकी दी है।
ईरान ने इजराइल पर 4 मिसाइलें दागीं, 300 घायल
ईरान ने इजराइल पर रविवार सुबह से 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इन हमलों में 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इजराइली विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य सेवाओं के अनुसार, घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। इससे पहले ईरान ने शनिवार रात भी इजराइल के डिमोना और अराद शहरों पर हमला किया था।








