नई दिल्ली। “आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहाँ छिपाओगे?”
गुरुवार को राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए पीएम मोदी ने शायराना अंदाज़ में विपक्षी दलों पर हमला बोला। उनके भाषण की शुरुआत के दौरान जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को बोलने दिया जाए, तानाशाही नहीं चलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि खड़गे जी की उम्र देखते हुए उन्हें बैठकर नारे लगाने की इजाजत दी जाए। इसके बाद विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया। प्रधानमंत्री ने एक घंटा 27 मिनट भाषण दिया।
मोदी ने कहा कि “यह कौन सी मोहब्बत की दुकान है, जो मोदी की कब्र खोदने की बात करते हैं? क्या यह सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का अपमान नहीं है?” अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और वाम दल जैसे दलों की नाकामियों के बारे में बताया। वहीं, पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा।
पीएम मोदी ने हाल में हुई ट्रेड डीलों का जिक्र करते हुए कहा, “पूरी दुनिया हमारी ट्रेड डील की तारीफ कर रही है। विश्व में अस्थिरता को लेकर जो चिंता थी, वह कम हुई है। हमारे युवाओं के लिए दुनिया के बाजार खुल चुके हैं।” पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत अनेक देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील साइन कर रहा है। पिछले कुछ समय में हमने दुनिया के 9 बड़े और महत्वपूर्ण देशों के साथ ट्रेड डील साइन की है। एक साथ 27 देशों के साथ सबसे बड़ी डील, जिसमें यूरोपियन यूनियन भी शामिल है।”
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस सदन में चर्चा का स्तर थोड़ा और ऊँचा होना चाहिए था। विपक्ष ने मौका गँवा दिया, देश कैसे भरोसा करे। आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “एक हमारे सदस्य काफी कुछ बोल रहे थे। जिनकी पूरी सरकार शराब में डूब गई, वह काफी कुछ बोल रहे थे। ऐसे सभी साथियों से यह जरूर कहूँगा— तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहाँ छिपाओगे।”







