महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में उद्योग क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । इस बैठक में राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत की मौजूदगी में शहर के व्यापारियों के सामने आ रही विभिन्न चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है।
यह बैठक शहर के प्रसिद्ध होटल रामा में आयोजित की गई है, जहां प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्योग क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्योगों को प्रभावित कर रही समस्याओं का समाधान निकालना और उद्योग क्षेत्र को राहत देना है।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक क्षेत्र में गैस की कमी एक बड़ी समस्या बनकर सामने आई है। गैस सप्लाई में अनियमितता के कारण कई व्यापारियों के उत्पादन पर असर पड़ रहा है। इससे उद्योगपतियों को आर्थिक नुकसान का सामना भी करना पड़ रहा है।
बैठक में गैस की उपलब्धता, सप्लाई सिस्टम में सुधार और उद्योगों को होने वाली अन्य प्रशासनिक व तकनीकी परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी अपने-अपने मुद्दे और सुझाव मंत्री के सामने रख रहे हैं।
उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा है कि सरकार उद्योगों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और उन्हें जल्द से जल्द हल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर समन्वय बनाकर ठोस समाधान तैयार किया जाए।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक के बाद उद्योग क्षेत्र को राहत देने के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। इससे छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सकती है।








