लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को समान नागरिक संहिता और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो अहम एजेंडे बताते हुए कहा कि इन पर गंभीर और सकारात्मक विचार-विमर्श चल रहा है। भाजपा के स्थापना दिवस पर एक कार्यक्रम को वर्चुअल तरीके से संबोधित करते हुए, मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपातकाल जैसी कई कठिनाइयों को सहा और कांग्रेस के शासन में उत्पीड़न का सामना किया है।
उन्होंने कहा कि कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने तो अपनी जान भी कुर्बान कर दी, जैसा कि पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों में देखा गया, जहां हिंसा को एक राजनीतिक संस्कृति बना दिया गया है। मोदी ने कहा, हमारा मिशन अभी जारी है। समान नागरिक संहिता और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर देश में गंभीर चर्चाएं चल रही हैं और हम इन पर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ प्रणाली में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव एक साथ कराने का प्रस्ताव है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उद्देश्य पूरे देश में विवाह, गोद लेने आदि के संबंध में सभी के लिए एक समान कानून बनाना है। (पेज 6 पर)







