लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलंबो। ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष हर बीतते दिन के साथ और बढ़ता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका के तट के पास एक ईरानी युद्धपोत ‘आईआरआईएस दना’ (IRIS Dena) पर पनडुब्बी से हमला किया गया। हमले में अब तक 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए हैं। यह जानकारी श्रीलंकाई सरकार ने दी है।
बुधवार को श्रीलंका के दक्षिणी तट पर पनडुब्बी हमले के बाद ईरानी नौसेना का एक फ्रिगेट (Frigate), आईआरआईएस दना, कथित तौर पर डूब गया। इसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर है। श्रीलंका नेवी के मुताबिक, जहाज से कई शव बरामद हुए हैं।
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने बताया कि आज हिंद महासागर में अमेरिकी पनडुब्बी ने एक ईरानी जहाज को टॉरपीडो से निशाना बनाकर डुबो दिया। हमले में 32 सैनिक घायल हैं, जिन्हें रेस्क्यू किया गया है। जहाज पर लगभग 180 नौसैनिक सवार थे।
लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। यह ईरानी युद्धपोत पिछले महीने भारत के विशाखापट्टनम में आयोजित ‘2026 इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू’ में हिस्सा लेकर लौट रहा था। श्रीलंकाई अधिकारियों ने ‘अल जजीरा’ को बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच (भारतीय समय के मुताबिक) मदद के लिए मैसेज भेजा गया था।












