धुले गुरुद्वारा विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गुटों में जमकर बवाल
धुले शहर के गुरुद्वारा परिसर में आज उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब सिख समाज के दो गुटों के बीच जोरदार झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसा में तब्दील हो गया, जहां लाठी-काठी और तलवारों से हमला किया गया। वहीं, मौके पर गोलीबारी की भी सूचना सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। सुरक्षा के मद्देनज़र गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
दरअसल, बाबा धीरज सिंह के निधन के बाद गुरुद्वारा के उत्तराधिकारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय सिख समाज की ओर से बाबा धीरज सिंह के परिवार के सदस्य को उत्तराधिकारी बनाए जाने की मांग की जा रही थी।
वहीं दूसरी ओर, पंजाब से आई एक समिति ने बाबा रणवीर सिंह को उत्तराधिकारी नियुक्त कर दिया।
इसी नियुक्ति का विरोध करते हुए दोनों गुट आमने-सामने आ गए और मामला हिंसा तक पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि कल गुरुद्वारे में गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती का आयोजन होना था, जिसे लेकर पहले से ही तैयारियां चल रही थीं।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।








