ज्यूरिच। नगरपालिका और महानगरपालिका चुनावों में विकास के मुद्दे पर भाजपा को अभूतपूर्व जीत दिलवाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की 56वीं वार्षिक बैठक में शामिल होने के लिए दावोस (स्विट्जरलैंड) पहुंचे।
हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में अपने भाषणों का 90 प्रतिशत हिस्सा विकास पर केंद्रित करने के बाद दावोस सम्मेलन में फडणवीस महाराष्ट्र के उन हिस्सों में भी निवेश का लक्ष्य लेकर गए हैं, जहां अब तक विकास कम हुआ है, या नहीं हुआ है। महाराष्ट्र को देश का ग्रोथ इंजन बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री इस पांच दिवसीय यात्रा के दौरान वैश्विक निवेशकों के सामने ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ का रोडमैप पेश करेंगे।
इस वर्ष राज्य सरकार ने दावोस दौरे से 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री फडणवीस का यह दौरा महाराष्ट्र को साल 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। दावोस पहुंचने पर उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर लिखा कि महाराष्ट्र के आशीर्वाद के साथ दावोस जा रहा हूं। मैग्नेटिक महाराष्ट्र को दुनिया के मंच पर भारत के विकास का इंजन बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं। (पेज 6 पर)












