ग्रैच्युटी न मिलने से नाराज़ सैकड़ों मजदूर, अनिश्चितकालीन आंदोलन
7 साल 6 महीने की सेवा के बाद भी नहीं मिला हक
अमरावती जिले के नांदगांव पेठ स्थित पंचतारांकित एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित रतन इंडिया ऊर्जा प्रकल्प में काम करने वाले सैकड़ों मजदूरों ने ग्रैच्युटी न मिलने के विरोध में अनिश्चितकालीन उपोषण शुरू कर दिया है। यह आंदोलन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विवेक गुल्हाने के नेतृत्व में प्रकल्प के मुख्य प्रवेश द्वार पर जारी है। मजदूरों के इस आंदोलन से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।
आंदोलनरत मजदूरों का आरोप है कि वे दिल्ली मैनेजमेंट फैसिलिटी कंपनी के अंतर्गत कार्यरत हैं और सात साल छह महीने की सेवा पूरी करने के बावजूद उन्हें वैधानिक रूप से देय ग्रैच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों ने यह भी बताया कि मार्च 2021 में उनके वेतन से 1200 से 1300 रुपये की राशि काटी गई थी, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया है।
मजदूरों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को लिखित निवेदन दिए, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रबंधन की उदासीनता से मजदूरों में भारी नाराजगी है। इसी के चलते मजदूरों ने उपोषण का रास्ता अपनाया है।
आज सभी मजदूरों ने काम बंद आंदोलन करते हुए कंपनी के मुख्य द्वार को बंद कर दिया, जिससे प्रकल्प का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वे अपना आंदोलन और उपोषण जारी रखेंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मजदूरों के आंदोलन के चलते औद्योगिक क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









