लोकवाहिनी संवाददाता:अकोला। घर अपने नाम कराने के विवाद में एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही चचेरे भाई की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह घटना शहर के अकोट फेल पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत दबवाड़ी इलाके में बुधवार रात को घटी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषिकेश अनिल बिछोणे और मृतक विनीत विजय बिछोणे दबवाड़ी क्षेत्र में रहते थे और आपस में चचेरे भाई थे। बताया जाता है कि आरोपी को शराब की लत थी और वह अक्सर नशे की हालत में झगड़ा करता था। विनीत के नाम पर मौजूद घर को अपने नाम करने को लेकर भी वह लगातार उन्हें धमकाता रहता था।
बुधवार रात होली के अवसर पर इलाके में बच्चे रंग खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी ऋषिकेश बिछोणे शराब के नशे में वहां पहुँचा और विवाद करने लगा। देखते ही देखते वह गुस्से में विनीत पर झपट पड़ा और “घर अपने नाम क्यों नहीं करते”, इसी बात को लेकर उसने विनीत की छाती पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विनीत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।









