रायवरम। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में बृहस्पतिवार को एक निजी बस की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें आग लग जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई तथा 22 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हालांकि, जिले के पुलिस अधीक्षक वी. हर्षवर्धन राज ने पहले 14 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी लेकिन बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में बस हादसे के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मेरी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में लोगों के मारे जाने पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में हुआ हादसा दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएँगे।”









